सिरोही में खंडेलवाल समाज मंदिर में अन्नकूट महाप्रसाद का आयोजन, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

0

सिरोही। दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा एवं नववर्ष के उल्लास के बीच सिरोही के सदर बाजार स्थित श्री ठाकुरजी चारभुजाजी मंदिर में खंडेलवाल वैश्य समाज महासंघ नवपरगना की ओर से अन्नकूट महाप्रसाद एवं महाआरती का आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजित कार्यक्रम में खंडेलवाल समाज के परिवारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान भगवान ठाकुरजी के समक्ष आरती कर समाज और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई।

खंडेलवाल समाज मंदिर व्यवस्था कमेटी के लोकेश खंडेलवाल के अनुसार मंगलवार को मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर मंदिर को सजाया गया तथा श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लेकर भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। आरती के पश्चात भगवान ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग लगाया गया और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में खंडेलवाल समाज महासंघ के अध्यक्ष भगवतीप्रसाद नाटाणी, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार, पुरुषोत्तम, जीवराज, मोहनलाल नाटाणी, लोकेश खंडेलवाल, इंद्रमल कायथवाल, चंद्रकांत खुटेटा, रोशन कुमार और दिनेश उर्फ बबलू सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने का प्रसंग सामूहिक एकता, प्रकृति संरक्षण और संकट के समय मिलकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। अन्नकूट परंपरा अन्नदाता, गोवंश और प्रकृति के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश भी देती है।

आयोजन के दौरान सभी ने भगवान ठाकुरजी से समाज में आपसी सद्भाव, परिवारों में सुख-शांति, आरोग्य और उन्नति बनाए रखने की सामूहिक प्रार्थना की। प्रसाद वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं में हरीश कुमार, दीपक, सतीश, प्रकाश कुमार, भावेश, जितेंद्र, दिलीप, विशाल और दिनेश कुमार सहित समाजबंधुओं ने सहयोग किया।