रेल मंडल कार्यालय में होगी फिल्म की शूटिंग, अरशद वारसी अजमेर पहुंचे

211

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के रेलमंडल कार्यालय और मसूदा के देवमाली गांव में फिल्म जॉली एलएलबी-3 की शूटिंग की तैयारी कर ली गई है।

अजमेर के मंडल रेल कार्यालय के मुख्य भवन को दिल्ली सैशन कोर्ट का स्वरूप देकर सैट तैयार किया गया है, जहां न्यायालय परिसर का सैट तैयार किया गया है। रेल मंडल कार्यालय भवन 13 मई तक किराये पर फिल्म यूनिट को दिया गया है जहां पर फिल्म का फिल्मांकन विभिन्न हिस्सों में होगा। पूरी फिल्म यूनिट एवं सैट तैयारी में जुटी है। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार तथा अरशद वारसी मुख्य किरदार में होंगे।

फिल्म अभिनेता अरशद वारसी अजमेर पहुंच गए हैं। उन्होंने आज सुबह अजमेर दरगाह शरीफ पहुंच कर हाजरी लगाई तथा मखमली चादर व अकीदत के फूल पेश किए। खादिम जियाऊद्दीन चिश्ती ने जियारत करा अरशद वारसी की दस्तारबंदी भी की। उन्होंने फिल्म निर्माण और कामयाबी की दुआ की।

उल्लेखनीय है कि अजमेर रेल मंडल भवन पुराने जमाने की ऐतिहासिक धरोहर है। यह भवन अपने निर्माण स्थापत्य कला से सबको अपनी ओर आकर्षित करता है।