जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
गहलोत ने गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल गांधी को जन्म दिन की बधाई देते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में शोषित, वंचित, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग और उच्च जातियों के गरीबों के अधिकारों के लिए जिस हद तक लड़ रहे हैं, वह वाकई अभूतपूर्व है। यह सच्चा सामाजिक न्याय है। न्याय की इस लड़ाई में हम सब उनके साथ हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी के दृढ़ संकल्प और पूरे देश में शांति और प्रेम का संदेश सफल होगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वह आगे आए और नेतृत्व करें, लोकतंत्र को मजबूत और संविधान की रक्षा करें।
इसी तरह डोटासरा, पायलट सहित अन्य कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को उनके जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और दीर्घायु होने की कामना की।