तीन साल बीत जाने के बाद भी कन्हैयालाल हत्या काण्ड मामले में नहीं मिल सका न्याय : गहलोत

जोधपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर उदयपुर के कन्हैया लाल हत्या काण्ड मामले का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह बेहद दुख का विषय है कि तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी न्याय नहीं मिल सका है।

गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कन्हैयालाल साहू की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुख का विषय है कि तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी कन्हैयालाल एवं उनके परिवार को न्याय नहीं मिल सका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मामले का राजनीतिक इस्तेमाल खूब किया पर न्याय के लिए प्रयास नहीं किया जबकि यह एक दम स्पष्ट मामला है जिसमें पूरा क्राइम और उसका कबूलनामा तक वीडियो पर रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान की मामलों में बेहद कम समय में अदालत के माध्यम से त्वरित न्याय दिया गया। इस मामले में भी केवल चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। उसी रात एनआईए ने केस ले लिया और आज तक न्याय का इंतजार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 5 लाख-50 लाख का झूठा प्रचार कर जनता में भ्रम फैलाया और वोट लिए।

गहलोत ने कहा कि यह केन्द्र सरकार और एनआईए की असफलता है कि तीन साल होने को बाद भी 166 में से 6 गवाहों की गवाही हो सकी है। इस जघन्य मामले में भी कोई विशेष अदालत या फास्ट ट्रैक अदालत नहीं बनाई गई। वर्तमान में तो सीबीआई कोर्ट के अतिरिक्त प्रभार पर यह मामला चल रहा है।

उन्होंने कहा कि अब इस हत्याकांड पर फिल्म आ रही है। सब जानते हैं कि इस फिल्म का राजनीतिक लाभ किसे होगा परन्तु अभी तक इंसाफ नहीं होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यदि एनआईए ने यह केस राजस्थान पुलिस से नहीं लिया होता तो बहुत पहले ही इन दोषियों को सजा सुनाई जा चुकी होती।