चीन के किंगदाओ पोर्ट पर कार्गो शिप में भीषण आग, 25 की मौत; सभी लापता लोगों के शव मिले

0

बीजिंग। चीन के प्रमुख बंदरगाह शहर किंगदाओ में एक विदेशी मालवाहक जहाज में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। मरम्मत के लिए शिपयार्ड में खड़े जहाज में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे के शुरुआती घंटों में पांच लोग लापता बताए गए थे, लेकिन बाद में इन सभी के भी मृत पाए जाने की जानकारी सामने आई।

यह हादसा गुरुवार को चीन के शानडोंग प्रांत के किंगदाओ स्थित बेइहाई शिपबिल्डिंग शिपयार्ड में हुआ। जिस समय आग लगी, जहाज मरम्मत और निरीक्षण के काम के लिए वहां खड़ा था। सरकारी मीडिया के मुताबिक जहाज पर कुल 42 लोग सवार थे।

करीब साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू

रिपोर्टों के अनुसार आग स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:15 बजे लगी। देखते ही देखते जहाज से घना धुआं उठने लगा और आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया। करीब दोपहर 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

हादसे के दौरान 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पांच घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में 25 लोगों के लापता होने की बात सामने आई थी। बाद में बचाव दल ने इन लापता लोगों में से 20 को मृत पाया और शेष पांच लोगों की भी मौत की पुष्टि हो गई।

जहाज का नाम ‘ओशन मेलोडी’

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी द्वारा जारी तस्वीरों के आधार पर जहाज की पहचान ‘Ocean Melody’ के रूप में हुई है। यह करीब 190 मीटर लंबा बल्क कैरियर है और लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित हो रहा था। जहाज 31 अगस्त को किंगदाओ के शिपयार्ड में पहुंचा था और घटना के समय मरम्मत के लिए वहीं खड़ा था।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

हादसे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। आग उस समय लगी जब जहाज पर मरम्मत और निरीक्षण का काम चल रहा था। चीनी अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग किस हिस्से से शुरू हुई और क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था।

शी जिनपिंग ने दिए जांच के निर्देश

हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव और राहत अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना की तेजी से जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को आग से जुड़े खतरों की पहचान कर सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी फंसे लोगों के बचाव और घायलों के उपचार को प्राथमिकता देने को कहा।

शिपयार्ड चीन की बड़ी सरकारी कंपनी के अधीन

किंगदाओ का बेइहाई शिपयार्ड China State Shipbuilding Corporation (CSSC) से जुड़ा हुआ है। यह चीन की प्रमुख सरकारी शिपबिल्डिंग कंपनियों में शामिल है और जहाजों के निर्माण के साथ-साथ मरम्मत का काम भी करता है। हादसे के बाद शिपयार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और मरम्मत के दौरान अपनाए जाने वाले अग्नि-सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठ रहे हैं।