बांसवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी और उनके दो दलालों को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो सूत्रों के अनुसार एसीबी बांसवाड़ा इकाई को परिवादी ने शिकायत की कि वह एक फाइनेंस कम्पनी में कार्यरत है और गृह ऋण स्वीकृत करने से पूर्व आवेदकों की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्टगेज कराने के लिए तहसील कार्यालय बागीदौरा के वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही हैं।
इस पर रिश्वत मांग का सत्यापन के दौरान भाटी द्वारा दो पत्रावलियों के रजिस्टर्ड मॉर्टगेज की एवज में प्रति पत्रावली ढाई हजार रुपए के हिसाब से पांच हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की गई। वार्ता के दौरान दोनों पत्रावलियों पर 500-500 रुपए कम करने के पश्चात चार हजार रुपए रिश्वत राशि लेने पर सहमति व्यक्त की गई।
इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्यवाही की जिसमें भाटी द्वारा परिवादी से चार हजार रुपए रिश्वत राशि अपने परिचित रतनसिंह को दिलवाकर विठ्ठल को देने के लिए कहा गया। रतनसिंह द्वारा ये रिश्वत विठ्ठल को दिए जाने पर एसीबी टीम द्वारा रिश्वत राशि बरामद कर भाटी, रतनसिंह एवं विठ्ठल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।



