बरेली में आंधी में उड़ा व्यक्ति दूर जाकर खेत में गिरा

0

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें बारातघर की उड़ती टीननुमा चादर को पकड़ने का प्रयास कर रहा एक व्यक्ति हवा में उड़कर दूर खेत में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर में कई फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बबियाना निवासी नन्हे (50) गांव में बने बारातघर के पास खड़े थे। अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं के कारण बारातघर की टीन की चादर उड़ने लगी। इसी दौरान नन्हे उसे संभालने के लिए उससे जुड़े लोहे के पाइप को पकड़ लिया, लेकिन हवा का दबाव इतना तेज था कि वह खुद भी चादर के साथ कई फीट ऊपर उठ गए और दूर खेत में जा गिरे।

हादसे में नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में फ्रैक्चर हुआ है। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उठाकर घर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनके हाथ में प्लास्टर चढ़ाया गया। वर्तमान में उनका उपचार घर पर चल रहा है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज आंधी की भयावहता साफ देखी जा सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही सेकंड में पूरा दृश्य बदल गया और लोग दहशत में आ गए।