भारत विकास परिषद अजमेर ने चलाया ‘जस्ट थ्रो एंड गो’ सीड बॉल अभियान

0

दो दिन में 2000 से अधिक सीड बॉल पहाड़ियों क्षेत्रों में उछाली
अजमेर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा अजमेर की ओर से जस्ट थ्रो एंड गो सीड बॉल अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दो दिनों में 2000 से अधिक सीड बॉल अजमेर की पहाड़ी क्षेत्रों एवं खाली जंगली स्थानों पर उछाली गईं। इस पहल में परिषद् सदस्यों के साथ-साथ पर्यटकों, महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

परिषद् के प्रांतीय पदाधिकारी दिलीप पारीक ने बताया कि पर्यावरण बचाओ अभियान के अंतर्गत पहले दिन नौसर घाटी स्थित सांझी छत पर सीड बॉल अभियान आयोजित किया गया। वहीं दूसरे दिन विवेकानंद स्मारक कोटड़ा क्षेत्र में नाग पहाड़ियों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सीड बॉल को पहाड़ी क्षेत्रों में उछालकर प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाई।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को सीड बॉल के महत्व और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सीड बॉल में सीताफल, खिरनी, जामुन सहित अन्य उपयोगी वृक्षों के बीज, खाद और मिट्टी का मिश्रण होता है। मानसून के दौरान जब ये सीड बॉल नमी के संपर्क में आती हैं तो इनमें मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से हरियाली का विस्तार होता है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गुलेल का भी उपयोग किया गया, जिससे सीड बॉल दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकें। उपस्थित लोगों ने इस अनूठी पर्यावरणीय पहल की सराहना करते हुए इसे प्रकृति संरक्षण का सरल और प्रभावी माध्यम बताया।

शाखा अध्यक्ष रमेश चंद्र जाजू ने बताया कि परिषद् द्वारा इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए आगामी दिनों में अरावली की पहाड़ियों में 10 हजार सीड बॉल उछालने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न स्थानों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में परिषद् की ओर से आयोजित अभिरुचि शिविर में बच्चों ने बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार की थीं। शीघ्र ही इन बाल प्रतिभागियों की सहभागिता से विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा, जिससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित होंगे।

कार्यक्रम में दिलीप पारीक, केजी गोयल, सुरेश गोयल, डॉ. सुरेश गाबा, अशोक पंसारी, रमेश चंद्र जाजू, राकेश बल्दुआ, कैलाश अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, एसएस वेदी, राजेंद्र मित्तल, अगम प्रसाद मित्तल, अनुपम गोयल, आशा गोयल, प्रदीप सेठ, नलिन गोयल, हर्षिल गोयल, जीतमल चौहान, अंजना मित्तल, संतोष जाजू, भारती कुमावत, माया चौहान, सुमन राव, प्रतिभा गोयल, संजय गुप्ता, राकेश मुंद्रडा, मोहनलाल कुमावत, महेंद्र मंडार, कांता राव, विजेंद्र सिंह राव, मधु गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।