भीलवाड़ा में कांग्रेस का पार्टी चिह्न स्वीकार न होने का मुद्दा हाईकोर्ट पहुंचा

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा में नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस के 17 अधिकृत प्रत्याशियों के पार्टी का चुनाव चिह्न स्वीकार न होने का मामला अब राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर पहुंच गया है। वार्ड 39 से कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना दुबे द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग एवं अन्य के खिलाफ याचिका दायर की गई है।

कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना दुबे और वार्ड 44 से प्रत्याशी जितेंद्र दरियानी ने आज प्रेस वार्ता आयोजित करके निर्वाचन अधिकारी और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के 70 वार्डों के पार्टी चिन्ह 31 अगस्त को अपराह्न तीन बजे से पहले निर्वाचन अधिकारी को दिए, लेकिन उन्होंने 53 ही स्वीकार किए, जबकि 17 यह कहकर नहीं लिए कि समय खत्म हो गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि निर्वाचन अधिकारी बताए कि क्या उन पर सत्तारूढ़ दल का दबाव था या कुछ और। दुबे ने बताया कि इस पूरे मामले में पीसीसी जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई होगी। उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय से न्याय मिलेगा। जरूरत पड़ी तो वे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी तक जाएंगे और अपनी पीड़ा रखेंगे।