शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला भीम आर्मी का कथित पदाधिकारी अरेस्ट

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले की पुलिस ने मंगलवार को भीम आर्मी के कथित प्रदेश सचिव आकाश रावण को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। रावण पर शादी का झाँसा देकर एक युवती का यौन शोषण करने का गंभीर आरोप है।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि चरखारी कस्बे की निवासी 24 वर्षीय युवती ने पिछले दिनों आकाश रावण के खिलाफ पुलिस में शिकायत पंजीकृत कराई थी, जिसमे उसे शादी का झांसा देकर कोई दो वर्ष से यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया गया था।

पुलिस ने उक्त शिकायत को बी एन एस की धाराओं 64(2)/ 74/351/352(3) के तहत पंजीकृत किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आकाश फरार हो गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी।

अपर एसपी ने बताया कि जिले की श्रीनगर थाना पुलिस ने आकाश रावण को पवा गाँव के पास से उस समय पकड़ा ज़ब वह भागकर मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया और तदोपरान्त कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।

गौरतलब है कि आकाश रावण पूर्व में भीम आर्मी का महोबा जिले का अध्यक्ष रहा है मगर उसकी विवादित गतिविधियों के चलते संगठन द्वारा बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। पिछले कुछ समय से वह खुद को भीम आर्मी का प्रदेश सचिव बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में लिप्त था।