बिहार विधानसभा चुनाव : मुंगेर में जन सुराज प्रत्याशी ने भाजपा का थामा दामन

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को अप्रत्याशित कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

उन्होंने यह कदम राजग प्रत्याशी कुमार प्रणय की मौजूदगी में उठाया है और भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम से मुंगेर के चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक संजय कुमार सिंह अब भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे। भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय ने संजय कुमार सिंह के पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि संजय जी के जुड़ने से भाजपा का संगठन और अधिक मजबूत होगा। हमें विश्वास है कि मुंगेर की जनता राजग को भारी बहुमत से जीत दिलायेगी।

चुनाव से ठीक पहले हुए इस राजनीतिक फेरबदल ने मुंगेर की सियासत में हलचल मचा दी है। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि जन सुराज उम्मीदवार के भाजपा में शामिल होने से विपक्षी मतों में बिखराव संभव है, जिसका लाभ राजग को मिल सकता है।