नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में मंगलवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। शिरोमणि अकाली दल ने छह साल के अंतराल के बाद एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी कर ली है। दोनों दलों ने वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। इस घोषणा के साथ ही वर्ष 2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूटा दोनों दलों का पुराना राजनीतिक गठबंधन फिर से बहाल हो गया है।
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल आज से फिर राजग का हिस्सा होगा और भाजपा तथा अकाली दल पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर मैदान में उतरेंगे।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर हुई इस घोषणा को दोनों दलों के नेताओं ने राजनीतिक साझेदारी के साथ-साथ पंजाब के हितों से जुड़ा भावनात्मक संबंध बताया। शाह ने अकाली दल की वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह भाजपा का पुराना और महत्वपूर्ण सहयोगी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अकाली दल की राजग में वापसी को लेकर प्रसन्न हैं।
कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन
भाजपा और अकाली दल के बीच करीब 24 वर्षों तक राजनीतिक साझेदारी रही थी। दोनों दलों ने वर्ष 1996 से पंजाब में मिलकर चुनाव लड़े और केंद्र तथा राज्य की राजनीति में साथ काम किया। हालांकि, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के बीच हुए विरोध के बाद सितंबर 2020 में अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था।
तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही। अब छह साल बाद दोनों पार्टियों ने फिर से साथ आने का फैसला किया है।
नशामुक्त पंजाब और युवाओं को रोजगार देने का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और राज्य में शांति तथा भाईचारे का वातावरण मजबूत करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और पंजाब की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करेंगे।
शाह ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब में ऐसी सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे, जो राज्य के विकास और आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान दे।
सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक गठबंधन
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल चुनावी या राजनीतिक समझौता मानने से इनकार करते हुए इसे पंजाब के हितों से जुड़ा भावनात्मक संबंध बताया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल का 106 वर्षों का गौरवशाली इतिहास रहा है। पार्टी ने देश की आजादी के आंदोलन से लेकर पंजाब के विकास और जनकल्याण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बादल ने कहा कि यह साझेदारी पंजाब की शांति, समृद्धि और विकास के उद्देश्य से आगे बढ़ेगी। उन्होंने हिंदू-सिख एकता और सामाजिक सद्भाव को भी गठबंधन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया।
नितिन नबीन ने कहा- विकसित पंजाब के लिए करेंगे काम
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अकाली दल की राजग में वापसी को पंजाब और देश के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समुदाय के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए लगातार काम किया है।
नबीन ने गुरु तेग बहादुर के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1675 में उन्होंने कश्मीरी पंडितों की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनके बलिदान ने हिंदू-सिख सद्भाव और धार्मिक स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर सिख गुरुओं के सर्वकल्याण के संदेश तथा महाराजा रणजीत सिंह के न्याय और सुशासन के आदर्शों को आगे बढ़ाएंगे। गठबंधन का लक्ष्य पंजाब के युवाओं को राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विकासोन्मुखी सरकार के लिए काम करना है।
सीटों के बंटवारे पर आगे होगी चर्चा
दोनों दलों ने वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में संयुक्त रूप से उतरने का फैसला किया है। हालांकि, सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति के विस्तृत स्वरूप को लेकर आगे बातचीत की जाएगी। गठबंधन में अकाली दल की वरिष्ठ सहयोगी की भूमिका को लेकर भी अमित शाह ने संकेत दिए हैं। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव में इस गठबंधन का मुकाबला आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों से होगा। छह साल बाद भाजपा और अकाली दल की वापसी से राज्य की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।



