मंजूषा नागपुरे निर्विरोध चुनी गई पुणे की महापौर

0

पुणे। भारतीय जनता पार्टी की मंजूषा नागपुरे सोमवार को पुणे की महापौर निर्विरोध चुनी गई। रिपब्लिकन पार्टी (आरपीआई) से ताल्लुक रखने वाले और भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव जीतने वाले परशुराम वाडेकर को उप-महापौर चुना गया।

राकांपा की शीतल सावंत और कांग्रेस की अश्विनी लांडगे ने महापौर पद के चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया, जबकि राकांपा के दत्तात्रेय बहिरत और कांग्रेस के साहिल केदारी ने उप महापौर के चुनाव से नाम वापस ले लिया। चूंकि पुणे नगर निगम में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है, इसलिए चुनाव होता भी तो नागपुरे और वाडेकर की जीत निश्चित थी।

पुणे नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 119 सीटें हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया था। मेयर का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। मंजूषा नागपुरे के साथ रंजना तिलेकर, मानसी देशपांडे, स्वरदा बापट और वर्षा तापकीर के नामों को लेकर काफी चर्चा थी। इस बात को लेकर भारी उत्सुकता थी कि महापौर और उप महापौर कौन बनेगा? अंततः भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इन दोनों नामों पर मोहर लगाई।