जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर ही संगठन मजबूत हुआ है और इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत वर्ष 2028 में फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
शर्मा ने रविवार को यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों की प्रथम बैठक के अवसर पर पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि पदाधिकारी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करें।
पदाधिकारियों की निर्णय क्षमता ऐसी होनी चाहिए जो जनता के कल्याण में सहायक सिद्ध हो। संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है और यह एक सतत प्रक्रिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने कार्य और उत्तरदायित्व का निरंतर आत्म-मूल्यांकन करते रहना चाहिए, जिससे संगठन और स्वयं दोनों को मजबूती मिलती है। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय, संगठन की मजबूती तथा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। राठौड़ ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन हितैषी और लोक कल्याणकारी नीतियों पर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए नई योजनाएं शुरू कर रही है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, राइजिंग राजस्थान आयोजित करने तथा नई नीतियों के क्रियान्वयन पर तेज़ी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और मिथ्या प्रचार का तथ्यों के साथ मुकाबला करें, क्योंकि कांग्रेसी नेता असत्य का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।



