भाजपा ने सांसदों को जारी किया व्हिप, 9 और 10 मार्च को संसद में उपस्थिति अनिवार्य

0

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों को नौ और दस मार्च को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा सांसदों से कहा है कि वह इन दिनों सदन की कार्यवाही के दौरान मौजूद रहें और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों में भाग लें।

संसद के बजट सत्र के दूसरा चरण नौ मार्च से शुरू हो रहा है। ऐसी अटकलें हैं कि इस दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ सदन में विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव आ सकता है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और चर्चाओं के दौरान पार्टी की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।

सांसदों से कहा गया है कि वे पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए सदन में उपस्थित रहें और आवश्यक होने पर सरकार के पक्ष में मतदान भी करें। संसदीय परंपरा के अनुसार व्हिप जारी होने के बाद सांसदों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाता है और पार्टी अनुशासन के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।

संसद का बजट सत्र इस वर्ष 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ शुरू हुआ था। बजट सत्र के दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य, मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा तथा वित्त विधेयक पर चर्चा और उसे पारित करना तथा अन्य संसदीय कार्यों को पूरा किया जाना है।