कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में उत्तर 24-परगना के मध्यमग्राम के पास बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि सड़क मार्ग से मध्यमग्राम कोलकाता से लगभग 22 किलोमीटर दूर है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह घटना तब हुई जब बदमाशों ने अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की कार को निशाना बनाते हुए कम से कम 16 राउंड गोलियां चलाईं।

हमले के समय रथ और एक अन्य युवक बुद्धदेव बेरा गाड़ी के अंदर मौजूद थे। दोनों को बचाकर पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया। बेरा को भी गंभीर चोटें आई थीं। उसे बाद में कोलकाता में ईएम बाईपास के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हालांकि रथ मूल रूप से पूर्वी मिदनापुर जिले का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह उत्तर 24-परगना के मध्यमग्राम इलाके में रह रहा था। भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि वह उस टीम का एक सक्रिय सदस्य था, जिसने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में अधिकारी के लिए प्रचार किया था। बताया जा रहा है कि बेरा भी इसी समूह से जुड़ा हुआ था।

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने आरोप लगाया कि रथ की हत्या तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों ने की है, जिससे राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हमले के पीछे के मकसद के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

रेकी के बाद सुनियोजित तरीके से की गई चंद्रनाथ रथ की हत्या

भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक निगरानी रखने के बाद एक सुनियोजित हमले में बेरहमी से हत्या कर दी गयी।

अधिकारी ने बुधवार रात मध्यमग्राम के एक अस्पताल के बाहर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के साथ यह आरोप लगाया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मैं अभी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन मेरा मानना है कि इस हत्या के पीछे कुछ राजनीतिक कारण हो सकते हैं। पुलिस अपनी जांच कर रही है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने कहा कि मैंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता से बात की है और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कुछ अहम सुराग मिले हैं। हमें उम्मीद है कि हत्यारे जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी ने निष्पक्ष जांच के लिए जान-बूझकर पुलिस से फुटेज का ब्योरा नहीं मांगा है। उन्होंने कहा कि हम पुलिस की जांच पर भरोसा कर रहे हैं। हमें भरोसा दिलाया गया है कि दोषी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल लगातार बने रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पिछले 15 सालों से राज्य में बदले की राजनीति चल रही है। बुधवार को ही खरदह में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बमों से, बारानगर में चाकुओं से और बशीरहाट में गोलीबारी की घटनाओं में हमले किए गए।

गौरतलब है कि अधिकारी के करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिलों पर आए और रथ को ले जा रहे वाहन पर गोलीबारी कर दी। हमले की खबर मिलने के कुछ ही देर बाद आधी रात के बाद अधिकारी अस्पताल पहुंचे। राज्य इकाई के भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल गए।

गुप्ता बाद में घटनास्थल पर पहुंचे और पत्रकारों से बात करने से पहले नेताओं से मिले। उन्होंने कहा कि जांच पहले ही शुरू हो चुकी है। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक चार-पहिया गाड़ी ज़ब्त कर ली गई है। पंजीकरण संख्या के अनुसार, गाड़ी सिलीगुड़ी की लग रही है, हालांकि हमें शक है कि नंबर प्लेट नकली हो सकती है।

उन्होंने कहा कि कुछ गोलियां और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जांच के बारे में मैं इस समय और ज़्यादा जानकारी नहीं दे सकता। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की अभी जांच की जा रही है और पहली प्राथमिकता हत्या में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करना है।