विजय मल्होत्रा पंचतत्व में विलीन, अंतिम विदाई देने बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा बुधवार को लोधी रोड़ स्थित श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा सांसद, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि भाजपा वरिष्ठ नेता विजय मल्होत्रा का निधन एम्स में सोमवार की रात हो गया था। अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देते हुए हर किसी की आंखें नम थी। इससे पहले मल्होत्रा का पार्थिव शरीर कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय में रखा गया। जहां मुख्यमंत्री गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, सांसद बांसुरी स्वराज, डॉ. हर्षवर्धन, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद दिल्ली भाजपा कार्यालय से मल्होत्रा की शवयात्रा लोधी रोड़ स्थित श्मशान घाट पहुंची। उनके पुत्र द्वारा मुखाग्नि देने से पहले दिल्ली पुलिस की टुकड़ी ने सशस्त्र सलामी दी और इसके साथ ही उनका अंतिम संस्कार मंत्रोच्चारण और विधिविधान के बीच पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान लोधी रोड़ के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन अधिकारी तैनात रहे।