भाजपा महिला मोर्चा 5 जुलाई को गहलोत सरकार के खिलाफ करेगी प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी का महिला मोर्चा कानून व्यवस्था एवं महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार एवं असुरक्षा को लेकर प्रदेश की गहलोत सरकार के खिलाफ आगामी पांच जुलाई को राजधानी जयपुर में एक बड़ी रैली करेगा।

भाजपा सांसद दीया कुमारी ने आज यहां मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय जयपुर में राज्य सरकार के विरूद्ध होने वाले थाली-नाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला मोर्चा की बैठक ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराध एवं महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ता जा रहा है लेकिन इन पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है।

उन्होंने कहा कि जबकि मुख्यमंत्री के पास ही गृह मंत्रालय का जिम्मा भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ पार्टी के महिला मोर्चा द्वारा पांच जुलाई को एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।