कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि उनके करीबी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या राजनीतिक रूप से प्रेरित थी। उन्होंने दावा किया कि रथ को केवल इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह भाजपा नेता के साथ जुड़े हुए थे।
बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मीडिया से बात करते हुए अधिकारी ने इस हत्या को व्यक्तिगत क्षति बताया और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की। रथ के शव को यहां पोस्टमार्टम के बाद रखा गया था। उन्होंने कहा कि एक युवा, शिक्षित और निर्दोष व्यक्ति की हत्या केवल इसलिए की गई, क्योंकि वह मेरा सहायक था और मैंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था।
अधिकारी ने दावा किया कि रथ की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं थी और वह सक्रिय राजनीति में सीधे तौर पर शामिल नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हत्या ठंडे दिमाग से की गई योजना और रेकी का परिणाम है। इस दौरान उनके साथ भाजपा सांसद खगेन मुर्मु और ज्योतिर्मय सिंह महतो भी मौजूद थे। अधिकारी ने कहा कि वह शोकाकुल परिवार से मिलने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर स्थित उनके आवास पर जाएंगे।
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक से बात की है और उन्हें सूचित किया कि अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया है।
गौरतलब है कि रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के दोहरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने उस वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें रथ यात्रा कर रहे थे।
इस हमले में वाहन का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को मध्यमग्राम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक को उन्नत उपचार के लिए कोलकाता के ईएम बाईपास के पास एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
इस बीच, हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस टीम में राज्य पुलिस और आपराधिक जांच विभाग के अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, दल के गठन और जांच का नेतृत्व करने वाले अधिकारियों के विवरण का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।



