कर्नाटक के शिवमोग्गा में रेप के आरोप में भाजपा युवा मोर्चा का नेता अरेस्ट

0

बेंगलूरु। कर्नाटक पुलिस ने शिवमोग्गा जिले में कथित दुष्कर्म के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता एवं वकील बीएस भरत को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि सोमवार को बताया कि यह मामला भद्रावती शहर के पेपर टाउन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अनुसार 23 वर्षीय एक महिला ने भरत पर यौन उत्पीड़न और उसे धमकाने का आरोप लगाया।

पुलिस के अनुसार शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गयी। विश्वसनीय जानकारी के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने रविवार देर रात बेंगलूरु में उसके एक दोस्त के घर से उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता के पति का परिचित था और कथित तौर पर उसने इंस्टाग्राम के ज़रिए महिला से जान-पहचान बढ़ाई थी। वह इस दंपती द्वारा चलाई जाने वाली किराने की दुकान पर भी अक्सर आता-जाता रहता था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 11 अप्रैल को जब उसका पति घर से बाहर था, तब भरत उसके घर आया और उससे कुछ पैसे मांगे। इसी दौरान उसने महिला का यौन उत्पीड़न किया।

आरोप है कि आरोपी ने महिला को धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसे बदनाम कर देगा। उस पर महीने के आखिर में दोबारा आने और दंपति की किराने की दुकान पर महिला का फिर से यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करने का भी आरोप है।

पुलिस ने बताया कि यह मामला तब सामने आया, जब पीड़िता के पति ने उसका मोबाइल फ़ोन चेक करते समय देखा कि आरोपी को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किया गया है। पूछताछ करने पर, महिला ने कथित तौर पर इस घटना के बारे में बताया। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद, दंपती ने व्हाट्सएप मैसेज के ज़रिए आरोपी का सामना करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में आगे की जांच जारी है।