भाजपा की नीति रही है संविधान को कमजोर करने की : टीकाराम जूली

सीकर। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा है कि उसकी नीति संविधान को कमजोर करने की रही है और इसकी सरकार पंचायत और नगर निकाय चुनाव तक नहीं करा रही है सिर्फ झूठे वादे कर रही है।

जूली रविवार को सीकर जिले के धोद में संविधान बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार संविधान बदलने की कोशिश कर रही है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाकर आम उपभोक्ताओं को ठगे जाने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संविधान से ही जनता को वोट की ताकत मिली है जिसे आज खतरे में डालने का काम भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास सिर्फ जुमले और भड़काऊ भाषणों के अलावा कुछ नहीं है इसलिए वह 50 साल पुराने आपातकाल की बात करते हैं जबकि उस समय इंदिरा गांधी की सरकार चली गई थी मगर फिर भी लोकतांत्रिक तरीके से वापस सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति अब अंग्रेजी हुकूमत जैसी हो गई है बांटों और राज करो।

उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और नौकरशाही के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि मंच के माध्यम से आलोचना करने से काम नहीं चलेगा बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव ढाणी ढाणी जाकर जनता की समस्याएं समझनी होगी तभी पार्टी मजबूत हो पाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ रैली इस समय की जरूरत है क्योंकि भाजपा की सरकार लोकतंत्र की बुनियादी आत्मा संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।