जिला परिषद के सभी 33 सदस्यों ने किया मतदान, भाजपा को 21 और कांग्रेस को 11 वोट मिले, एक मत नोटा में
अजमेर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुखों के निर्वाचन की प्रक्रिया में अजमेर जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। बुधवार को हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी पूजा भंसाली जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी दशरथ कंवर को सीधे मुकाबले में पराजित कर जिला परिषद की कमान हासिल की।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर लोकबंधु ने निर्वाचन परिणाम घोषित करते हुए पूजा भंसाली को जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया और उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 21 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दशरथ कंवर के पक्ष में 11 मत पड़े। एक मत नोटा में दर्ज हुआ।
बहुमत के आंकड़े से आगे निकली भाजपा
अजमेर जिला परिषद में कुल 33 सदस्य हैं। चुनाव के पूर्व घोषित वार्ड परिणामों के अनुसार भाजपा के 19, कांग्रेस के 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के दो सदस्य निर्वाचित हुए थे। जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 21 मत मिलना पार्टी के घोषित सदस्य संख्या से अधिक रहा, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 11 मत मिले। चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक हलकों में क्रॉस वोटिंग को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पूजा भंसाली की जीत के साथ अजमेर जिला परिषद में भाजपा ने जिला प्रमुख पद पर कब्जा कायम किया है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी।



