अजमेर में भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ किया अनूठा प्रदर्शन

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर की ओर से आज यहां कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया गया।

अजमेर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क से कार्यालय तक सड़क पर दंडवत ढोक लगाते विरोध प्रदर्शन किया। सोनी के हाथों में नारियल के साथ कलेवा से बंधे 21 रूपए भी रहे। वे राज्य की गहलोत सरकार को सदबुद्धि देने की मन्नौती अजमेर पुष्कर घाटी स्थित बालाजी मंदिर से लेकर पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन कलक्टर डा. भारती दीक्षित को सौंपा।

सोनी ने मीडिया को बताया कि भाजपा जनता के लिए आज सड़क पर है। क्योंकि कांग्रेस की भ्रष्ट और नक्कारा सरकार ने जनता का जीवन दूभर कर दिया। पहले 50 यूनिट, फिर 100 यूनिट का झांसा और अब फ्यूल चार्ज के नाम पर बिजली बिलों में करंट ने सभी को सोचने पर मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि अघोषित बढ़ी हुई बिजली दरों तथा बढ़ा कर उपभोक्ताओं को दिये जा रहे बिजली बिलों ने गरीब की नींद उडा दी है। सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले 7 से 10 दिनों में अजमेर बड़ा आन्दोलन किया जाएगा।