बरगी डैम क्रूज दुर्घटना में 6 की मौत की आशंका, 15 से अधिक लापता

0

भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में तेज आंधी-तूफान के कारण पर्यटकों से भरा क्रूज डूबने से बड़ा हादसा हो गया। अब तक 4 लोगों की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि विभिन्न सूत्रों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 6 तक पहुंचने की आशंका है। 15 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है और शेष लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय 30 से अधिक लोग सवार थे। तेज हवा और अचानक आए तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डैम में डूब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अंधेरा और खराब मौसम के बावजूद सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। टॉर्च और अन्य संसाधनों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

क्रूज चालक के अनुसार तूफान इतना तेज और अचानक था कि कई यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि उपलब्ध लाइफ सेविंग जैकेट के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी और 15 यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी तथा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी राहत कार्य में सक्रिय रहने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और कहा है कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है तथा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान के पूरा होने के बाद ही हताहतों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।