अलवर। राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर में इन्द्राडा गांव में एक दिन पहले दफनाए गए चार वर्षीय बालक का शव रविवार को पुलिस ने श्मशान भूमि से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार वर्षीय आर्यन की शनिवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने बालक का अंतिम संस्कार करते हुए उसे दफना दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने बालक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बासदयाल थाना अधिकारी कश्मीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बानसूर के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) की मौजूदगी में श्मशान भूमि से बालक का शव निकलवाया गया।
सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए बानसूर के शवगृह भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोंरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।



