इंडिगो की 4 दिन की विशेष सेल, किराया 1,999 रुपए से

10

नई दिल्ली। निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को अपनी सीमित अवधि की सेल ‘स्प्लैश इंटू सेविंग्स’ पेश की जिसमें चुनिंदा घरेलू मार्गों पर सभी शुल्क सहित एकतरफा किराया 1,999 रुपए से शुरू होगा।

यह सेल 24 फरवरी से 27 फरवरी तक की बुकिंग पर इस साल 3 मार्च से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए मान्य होगी। बुकिंग यात्रा की तारीख से कम से कम सात दिन पहले करानी होगी। नॉन-स्टॉप तथा कनेक्टिंग उड़ानों के लिए भी ऑफर उपलब्ध है।

‘स्प्लैश इंटू सेविंग्स’ के तहत घरेलू मार्गों पर एक तरफ का किराया 1,999 रुपए से और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर 4,699 रुपए से (सभी शुल्क सहित) शुरू होगा। चुनिंदा घरेलू मार्गों पर इंडिगो स्ट्रेच किराये 9,999 रुपए से उपलब्ध हैं।

किराये के अलावा सेल अवधि के दौरान चुनिंदा अतिरिक्त सेवाओं पर भी छूट दी जा रही है। इनमें फास्ट फॉरवर्ड सेवाओं पर 70 प्रतिशत तक की छूट शामिल है। प्री-पेड अतिरिक्त बैगेज पर 50 प्रतिशत तक और चुनिंदा घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय सेक्टर्स में स्टैंडर्ड सीट चयन पर 15 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है।

अतिरिक्त लेगरूम वाली सीटें चुनिंदा घरेलू मार्गों पर 500 रुपए से बुक कराई जा सकती हैं। साथ ही, दो साल तक के शिशु घरेलू सेक्टर्स में केवल एक रुपए में यात्रा कर सकते हैं, बशर्ते बुकिंग सीधे इंडिगो के चैनलों के माध्यम से की गई हो।