‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज, करिश्मा कपूर निभाएंगी पुलिस अधिकारी की भूमिका

0

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर की आगामी क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। निर्देशक अभिनय देव की इस सीरीज में करिश्मा कपूर एक ऐसी पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगी, जो अपने निजी मानसिक संघर्षों के बीच एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

ट्रेलर के अनुसार रीटा ब्राउन नामक पुलिस अधिकारी को एक किशोर की हाई-प्रोफाइल हत्या की जांच सौंपी जाती है। अपने भीतर चल रहे मनोवैज्ञानिक संघर्षों के बावजूद वह अपने जूनियर अधिकारी अर्जुन के साथ मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास करती है। अर्जुन की भूमिका में सूर्या शर्मा नजर आएंगे, जबकि जिशु सेनगुप्ता एक मनोचिकित्सक के किरदार में हैं, जिसके पास मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां होने का संकेत मिलता है।

Bसीरीज में सोनी राजदान और अजिंक्य देव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी एक के बाद एक होने वाली हत्याओं के बीच रहस्य, रोमांच और मानवीय भावनाओं को सामने लाती है।
अपने किरदार के बारे में करिश्मा कपूर ने कहा कि रीटा ब्राउन उनके करियर का सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण पात्र है। उन्होंने कहा कि यह किरदार कमजोरियों, भावनात्मक घावों और संघर्षों के बावजूद आगे बढ़ने की अद्भुत क्षमता को दर्शाता है।

वहीं, जिशु सेनगुप्ता ने कहा कि ‘ब्राउन’ की कहानी परत-दर-परत खुलती है। इसमें केवल सस्पेंस ही नहीं, बल्कि गहरी भावनात्मक संवेदनाएं भी हैं, जो इसे एक सामान्य थ्रिलर से अलग बनाती हैं।ज़ी स्टूडियोज द्वारा निर्मित यह सीरीज अभिक बरुआ के उपन्यास ‘सिटी ऑफ डेथ’ पर आधारित है। ‘ब्राउन’ का प्रीमियर 5 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर होगा।