हिमाचल के चंबा में नृशंस हत्याकांड, कई टुकडों में मिला युवक का शव

शिमला। हिमाचल में एक युवक के दिल दहलाने वाले नृशंस हत्याकांड के बाद प्रदेश का हर व्यक्ति सहमा हुआ है। लोगों को यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि हिमाचल में भी ऐसी सनसनी भरे और रूह को कंपा देने वाली घटनाएं होने लगी है।

अपने माता-पिता की इकलौती संतान को प्यार करने की ऐसी भयानक सजा मिलेगी, इसका अंदाजा भी लड़के व लड़के के परिवार को नहीं था। गत छह जून को मनोहर लाल के परिजनों ने पुलिस थाना किहार में बेटे की गुमशुदगी की रपट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने लड़के की तलाश शुरू की तो नौ जून को भांदल के नाले में युवक का शव सात टुकड़ों में बरामद हुआ। इसके बाद क्षेत्र में लगातार दहशत का माहौल बना हुआ है।

शव के बाद अब पुलिस ने सलूणी में युवक की हत्या के बाद शरीर के टुकड़े-टुकड़े करने में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक युवक मनोहर लाल के कपड़े और अन्य सामान भी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार हिंदू समुदाय के दलित युवक और दूसरे समुदाय की लड़की में प्रेम प्रसंग था। मगर, दोनों के परिवार में काफी समय से तनातनी चल रही थी। जब इस हत्या की इस घटना को अंजाम दिया गया, उस दिन भी मनोहर लाल लड़की से मिलने उसके घर गया था।

तब लड़की के परिजनों ने उसे देख लिया और नृशंस हत्या कर शव के सात टुकड़े किए। इसके बाद इन्हें बोरी में भरकर नाले में पत्थरों के नीचे दबा दिया। अब पुलिस इस मामले की कड़ियां जोड़ने और सबूत इकट्ठे करने में जुट गई है।

दल पंचायत में इस हत्याकांड के बाद अल्पसंख्यक समुदाय ने उस परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का ऐलान किया है, जिसने दलित युवक की नृशंस हत्या की है। विशेष समुदाय के लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने कहा कि सरकारी पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखे शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुई। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच में यदि हिरासत में लिए गए लोग दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

यादव ने बताया कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इसमें कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती है। अब तक इस हत्याकांड में नाबालिग लड़की के भाई-बहन, चाचा-चाची सहित पांच लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। डीसी चंबा अपूर्व देवगन ने लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।