हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जंक्शन में परीक्षा परिणाम से निराशा और अवसाद में डूबी बीएससी नर्सिंग की 22 वर्षीय छात्रा ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई, जहां वह अन्य छात्राओं के साथ पूजा जाट (22) किराए के मकान में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार पूजा जाट गांव गढरा, थाना भिरानी, जिला हनुमानगढ़ की निवासी थी। वह हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित एक स्थानीय कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को उसके परीक्षा परिणाम घोषित हुए, जिसमें एक दो विषयों में बैक आ गई थी। परिणाम देखने के बाद पूजा काफी परेशान और अवसादग्रस्त हो गई।
पुलिस ने बताया कि देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने किराए के मकान की छत पर गई और वहां से कूद गई। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। पड़ोसियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूजा के पिता जसवंत जाट और अन्य परिजन बुधवार देर रात हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचे। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों काे सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि पूजा के कमरे या छत पर कोई मृत्यु पूर्व लिखा पत्र नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा परिणाम में बैक आने की निराशा से ही छात्रा ने यह कदम उठाया।



