श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका से तीन दिनों तक अलग-अलग होटलों में जिस्मफरोशी कराने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने आखिरकार सख्ती दिखाते हुए बुधवार को तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तीन होटलों पर बुलडोजर चला दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 23 जून को पुलिस ने सुखड़ियानगर मार्ग पर हाउसिंग बोर्ड चौराहा पर स्थित एक होटल पर छापेमारी की। वहां 13 वर्ष की बालिका मिली। जांच में खुलासा हुआ कि होटल संचालक और प्रबंधक मिलकर उसे बंधक बनाकर रखते थे। वे अन्य लोगों को बुलाकर उससे वेश्यावृत्ति करवाते थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक रिक्शा चालक ने उसे होटल संचालकों के हवाले कर दिया था। तीन दिनों तक अलग-अलग होटलों में इस जघन्य कांड को अंजाम दिया गया।
घटना सामने आते ही पूरे श्रीगंगानगर में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किसे। जनदबाव के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा और आज तड़के साढ़े तीन बजे जेसीबी एवं हाइड्रोलिक मशीनों से बीरबल चौक पर ड्रीम होटल, हाउसिंग बोर्ड चौराहा पर स्थित जॉय इन और चहल चौक पर सफायर इन होटल को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान उपखंड अधिकारी (एसडीएम) नयन गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री, कोतवाल सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी कम से कम पांच और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।



