चेन्नई। तमिलनाडु के त्रिची जिले के कीरैकडाई इलाके में 14 साल की किशोरी के यौन शोषण के आरोप में गुरुवार को एक कैब चालक को गिरफ्तार किया गया है। कैब चालक पर किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर यौन शोषण करने का आरोप है। बाद में लोगों ने उस चालक को पकड़ लिया, उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने कैब चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉस्को की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय लोगों द्वारा सड़क किनारे किशोरी को को बेहोशी की हालत में और नशे में धुत पड़ा हुआ देखा, इसके बाद इस मामले का पता चला। कैब चालक किशोरी को अपनी कार में ले गया था, उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोई पेय पिलाया और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया। खतरा भांपते हुए, निवासियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने लोगों की मदद से किशोरी को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जैसे ही इस भयानक घटना की खबर फैली, किशोरी के रिश्तेदारों और स्थानीय निवासियों ने अपराधी की पहचान मारिसेल्वन के रूप में की, जो वहीं का एक स्थानीय कार चालक है।
किशोरी के परिवार के सदस्यों सहित गुस्साई भीड़ ने उसे घेर लिया और पुलिस के हवाले करने से पहले उसकी बुरी तरह पिटाई की। नाबालिग किशोरी डॉक्टरों की निगरानी में है और सरकारी अस्पताल में उसे आवश्यक काउंसलिंग भी दी जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए गैंगरेप की आशंका से इनकार किया है और बताया कि मारिसेल्वन को भी पिटाई के दौरान चोटें आई हैं, जिसका इलाज चल रहा है।



