झुंझुनूं में उप मुख्यमंत्री बैरवा के काफिले का वाहन कार से टकराया

0

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी घाट क्षेत्र में शनिवार सुबह राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डाॅ प्रेमचंद बैरवा के काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन एक अन्य कार से टकरा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डाॅ बैरवा का काफिला उदयपुरवाटी घाट क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी नेता जेपी खटाना अपनी कार लेकर अचानक काफिले के बीच में घुस गए। खटाना अपनी गाड़ी को पास के ही एक रिसॉर्ट के अंदर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इतने में काफिले में चल रहा सुरक्षा वाहन अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय डाॅ बैरवा की गाड़ी सुरक्षित रूप से आगे निकल चुकी थी। टक्कर मुख्य रूप से साथ जा रहे सुरक्षा वाहन और भाजपा नेता की कार के बीच हुई। दोनों गाड़ियों की हेडलाइट्स और अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

टक्कर के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से काफिले को कुछ देर के लिए मौके पर ही रोकना पड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया। यह सुनिश्चित किया कि डाॅ बैरवा और काफिले के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं। कुछ समय के ठहराव और जांच के बाद डाॅ बैरवा गुढ़ागौड़जी के लिए रवाना हो गए।