कांग्रेस एवं विपक्षी दल एकता का भय दिखाकर नही डरा सकते मोदी को

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की एकता की कोशिशों पर करारा वार करते हुए कहा कि.अगर वह सोचते हैं कि ऐसा कर वह मोदी को डरा पाएंगे, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि जो डर जाए वह मोदी नहीं होता..।

मोदी ने वर्ष के अन्त में छत्तीसगढ़ में विधानसभा के होने वाले आम चुनावों के लिए भाजपा की विजय संकल्प रैली के जरिए प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए आज यहां कहा कि जो एक दूसरे को पानी पी पी कर कोसते थे, वह एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। वह सोचते हैं कि ऐसा करने से मोदी को डरा पाएंगे, डिगा पायेंगे तो देश के भ्रष्टाचारी कान खोल कर सुन ले..अगर वह भ्रष्टाचार की गारन्टी है तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारन्टी है।

उन्होंने कहा कि जिसने गलत किया है, वह बचेगा नहीं। मेरे यह कहने की हिम्मत इसलिए है कि मेरे पास वहीं है जो आप लोगों ने दिया है। इसके सिवा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि ये मेरे पीछे पड़ेंगे, मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे लेकिन उन्हें पता नहीं जो डर जाए वह मोदी नहीं होता। लगभग आधे घंटे के अपने सम्बोधन में मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और उस पर भ्रष्टाचार की जननी होने का आरोप दोहराया।

छत्तीसगढ़ के निर्माण में मोदी ने भाजपा की प्रमुख भूमिका को याद दिलवाते हुए कहा कि भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, और वहीं इस राज्य का तेजी से विकास कर सकती है। उन्होंने सात हजार करोड़ रूपए की केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की आज लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि रायपुर विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे से जुड़ने से राज्य में रोजगार के हजारों नए मौके बनेंगे।

मोदी ने कहा कि दो वर्ष बाद छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे है, अगले 25 वर्ष छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काफी अहम है। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के रास्ते में बहुत बड़ा पंजा खड़ा हो गया है, वह आपका हक छीन रहा है, उसने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूटकर बर्बाद कर देगा। उसने पिछले विधानसभा चुनावों में मां गंगा को साक्षी मानकर एक घोषणा पत्र जारी किया था कि दस दिनों के भीतर यह कर देंगे वह कर देंगे, और अब उसकी याद दिलाने पर उसकी याद्दगार चली जाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ फरेब के वादे में पूर्ण शराबबंदी भी शामिल थी, शराबबंदी तो हुई नहीं, हजारों करोड़ रूपए का शराब घोटाला जरूर हो गया। इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। शराब के कमीशन के पैसे उगाहे गए हैं, और कहते हैं कि वह कांग्रेस पार्टी के खाते में गए हैं। यह भी कहते हैं कि शराब घोटाले के पैसे की बंदरबांट की वजह से यहां ढाई ढाई साल के मुख्यमंत्री का फार्मूला लागू नहीं हो पाया।

मोदी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एटीएम की तरह है। पिछले वर्षों में तमाम राज्यों में हुए चुनावों में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को क्यों जिम्मेदारी सौंपी जाती रही है, वह आप समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि शराब घोटाला ही नहीं राज्य का कोई विभाग ऐसा नहीं है जिसके काम पर संदेह नहीं हो। केन्द्र के जल जीवन मिशन को भी इन्होंने नहीं छोड़ा। सूबे के मुखिया से लेकर मंत्रियों एवं अन्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में जो कुछ हुआ है, उससे साफ हैं कि कांग्रेस के कोर कोर में करप्शन हैं और बगैर वह इसके सांस भी नहीं ले सकती है। उन्होंने कहा कि करप्शन और कमीशनखोरी पर अंकुश लगने पर नाराज होकर ये मोदी को भला बुरा कहने लगते हैं, इससे प्रमाणित होता है कि मोदी सही काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी चाल चल ले, छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने के संकल्प से मोदी पीछे नहीं हटेगा।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार से दोगुना ज्यादा पैसा उनकी सरकार ने सड़के और अद्योसंरचना के विकास के लिए छत्तीसगढ़ को दिए है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर उनकी सरकार कई गुना ज्यादा खर्च कर रही है। इससे गरीबों का जीवन आसान हो रहा है। लोगों की मुश्किले कम करने के लिए भाजपा दिन रात मेहनत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे नक्सली समस्या पऱ भी अंकुश लगा है। पहले देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 126 के आसपास थी जोकि अब घटकर 70 रह गई है।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तरह से दी जाने वाली संभावित गारन्टियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कुशासन एवं भ्रष्टाचार के दाग को झूठी गारन्टियों से छुपाने की कोशिश करेगी, इससे सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे वह पूरा कर दिखाती है। आयुष्मान योजना से छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोगों का मुफ्त इलाज हुआ है, गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, यह गारन्टी मोदी की तरफ से है।

भाजपा को गरीबों की चिन्ता करने वाली पार्टी बताते हुए मोदी ने कहा कि गरीबों की सबसे बड़ी दुश्मन कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 12 लाख आवास बनाने की तैयारी थी, राज्य में कांग्रेस की सरकार आते ही इसकी रफ्तार पर रोक लग गई। पहले दो लाख आवास प्रति वर्ष बन रहे थे, कांग्रेस सरकार आने पर एक लाख भी घर नही बन पाए। लाखों लोग प्रतीक्षा सूची में है कि जबकि भाजपा शासित पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र में तेजी से काम चल रहा है।

धान की खरीद को लेकर कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में जो धान की खरीद होती है उसमें 80 प्रतिशत केन्द्र के हिस्से का है। इसके लिए उनकी सरकार ने एक लाख करोड़ रूपए राज्य को दिए हैं। इस साल भी 22 हजार करोड़ रूपए राज्य को दिए गए हैं। कांग्रेस किसानों के बीच झूठ बोल रही हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और उन्हें साधन एवं सुविधाओं से वंचित रखा। भाजपा ने उन्हें अधिकार दिलाया और उनके क्षेत्रों में सैकड़ों मार्डन स्कूल खोले। तमाम ऐसे जिले थे जहां पहुंचना मुश्किल था, कांग्रेस हाथ पर हाथ धरे बैठ जाती थी, लेकिन उऩ्होंने उन्हें प्राथमिकता पर रखा और उन्हें आकांक्षी जिला घोषित किया। आज वह विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले शामिल हैं।

उन्होंने हाल ही में शुरू किए गए सिकलसेल एनीमिया मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की उनकी सरकार ने चिन्ता की और उन्हें इससे मुक्त करवाने का बीड़ा लिया है। उन्होने कांग्रेस पर आदिवासियों के सेनानियों के प्रति भी उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने सत्ता में आने पर बिरसा मुंडा को सम्मान दिया, रानी दुर्गावती की पांच 100वीं जयन्ती को पांच अक्टूबर से साल भर मनाने का निर्णय लिया है। आदिवासियों के सेनानियों के समारक बनाए जा रहे हैं।

मोदी ने आदिवासियों, पिछड़ों एवं गरीबों की पहली पसन्द भाजपा को बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के पक्ष में माहौल बन गया है। चुनावों में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए लोग तैयार बैठे हैं। जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने भी सम्बोधित किया, जबकि स्वागत सम्बोधन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने किया।

इससे पूर्व मोदी ने केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की लगभग सात हजार करोड़ रूपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार का पिछड़े क्षेत्रों मे अद्योसंरचना के विकास पर सबसे ज्यादा जोर हैं, और उस दिशा में पिछले नौ वर्षों में तेजी से काम हो रहा है। मोदी ने आज यहां हमारा दशकों से यह अनुभव रहा है कि जिन क्षेत्रों में अद्योसंरचना कमजोर रही है वहां विकास देर से पहुंचा है।उन्होने कहा कि अद्योसंरचना के विकास से व्यापार एवं रोजगार के नए अवसरों का भी निर्माण होता है, और विकास की गति भी तेज होती है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक अद्योसंरचना का सम्बन्ध सामाजिक न्याय से भी है। सदियों से उपेक्षित लोगों की बस्तियों को सड़के, रेल लाईने जोड़ रही है, अस्पताल पहुंच रहे है, और उनके जीवन में बदलाव आ रहा है। इस शासकीय कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्व भूष्ण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं स्वास्थ्य मंत्री डा.मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।