उदयपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के उदयपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को ग्रामीण क्षेत्र में स्थित कीचड़ से भरी डबरी (गड्ढे) में फेंक दिया।
सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाने के लिए डबरी का पानी खाली करवाया और शव बरामद कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पोतका गांव के पास की है। मृतक की पहचान शीतल निवासी हनुमानगढ़ थाना उदयपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने किसी बात को लेकर अपने दोस्त शीतल की रविवार देर रात हत्या कर दी। घटना के बारे में किसी को भनक न लगे, इसलिए आरोपी ने शव को डबरी में छिपाने की कोशिश की थी। ग्रामीणों ने आज सुबह डबरी में एक लाश देखी, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टुल्लू पंप की सहायता से पानी कम करके लाश को बरामद किया है।
डबरी में काफी मात्रा में पानी और कीचड़ होने के कारण शव को निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने टुल्लू पंप की मदद से डबरी का पानी खाली करवाया, जिसके बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या के आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी और मृतक शीतल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते आरोपी ने यह कदम उठाया। हालांकि, अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि आखिर विवाद की वजह क्या थी।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने हत्या के कारणों का खुलासा देर शाम तक हो सकने की बात कही है।



