राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में शुक्रवार को मतदान के दौरान कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के चुनाव लड़ने के कारण हाई प्रोफाइल सीट मानी जा रही है। यहां भूपेश बघेल और भाजपा के संतोष पांडे के बीच सीधा मुक़ाबला है।

राजनांदगांव जिले के टेड़ेसरा स्थित मतदान केंद्र पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और बाद में मारपीट तक हो गई। ये तब हुआ जब भूपेश बघेल के टेड़ेसरा के मतदान केंद्र पहुंचे थे।

यहां दोनों ही पार्टियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की मारपीट में तब्दील हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को भेजा गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।

बघेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मेरे साथ धक्का-मुक्की की है। मुझे मतदान केंद्र में घुसने से रोका गया है। मेरे साथ बत्तमीजी भी की गई। मैंने इस पूरे मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से शिकायत की है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

इधर, इस पूरी घटना के बीच पूर्व सांसद और भाजपा नेता अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत कराया। वहीं सिंह ने आरोप लगाया है कि बघेल के साथ दुर्ग से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं के साथ मारपीट की है।