टोंक। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को गंगा दशमी के अवसर पर टोंक स्थित बीसलपुर बांध से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का शुभारंभ किया।
शर्मा ने बीसलपुर बांध पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत जल पूजन किया और प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए कामना की। इसके बाद उन्होंने बीसलदेव महादेव मंदिर के दर्शन करके प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि ऋषि-मुनियों की तपस्या से गंगा दशहरा के दिन ही पृथ्वी पर गंगा अवतरित होकर हमारी जीवनदायिनी बनी। हमारी सरकार द्वारा पिछले वर्ष भी वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान चलाकर प्रदेशभर में बांध, तालाब, सरोवर एवं एनिकट सहित जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं सफाई के कार्य किए गए थे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी आज से इस अभियान की शुरुआत की जा रही है। अभियान के तहत प्रदेशभर में सभी सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनकर जल संरक्षण से जुड़े कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और आमजन इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाकर जल संरक्षण अभियान को सफल बनाएं।
शर्मा राजस्थान के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने बीसलपुर बांध पहुंचकर स्काडा प्रणाली का पूर्ण अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बीसलपुर बांध पूर्वी राजस्थान के जिलों में निर्बाध पानी की आपूर्ति का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बांध क्षेत्र में नई संरचनाओं का निर्माण किया जाए साथ ही, बनास नदी को पुनर्भरण करने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाए, ताकि वर्षाजल संग्रहण और भू-जल पुनर्भरण को मजबूती मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को श्रृंखलाबद्ध एनिकट निर्माण और आवश्यक स्थानों पर गेट लगाये जाने के निर्देश भी दिए।
शर्मा ने कहा कि जल संरक्षण एवं जल संग्रहण के कार्य पूरी कार्ययोजना और दीर्घकालिक दृष्टि के साथ किए जाएं, ताकि अधिकतम वर्षाजल का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बांध की व्यवस्थाओं, जल संग्रहण प्रणाली और स्काडा सिस्टम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान मुख्य अभियंता जल संसाधन भुवन भास्कर ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्काडा प्रणाली की जानकारी दी।
इसके बाद, शर्मा ने ईसरदा बांध का हवाई सर्वेक्षण करके जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।उल्लेखनीय है कि रामजल सेतु लिंक परियोजना का फीडर चैनल तीन प्रमुख बांधों ईसरदा, गलवा एवं बंध बरेठा से गुजरता है।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत 25 मई से पांच जून तक प्रदेशभर में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांव-गांव में कुएं, बावड़ियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, श्रमदान, जल चौपाल, प्रभात फेरी, पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा नए जल संरक्षण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया जाएगा।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, शत्रुघ्न गौतम, रामसहाय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




