जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यहां प्रदेशवासियों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में आए लोगों के फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ होली खेली। श्री शर्मा ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाया और फूलों की वर्षा कर पूरी आत्मीयता के साथ सभी का अभिनन्दन किया।
इस दौरान प्रदेशभर की संस्कृति एक छत के नीचे नजर आई, जब ब्रज से लेकर शेखावाटी तक की होली के विभिन्न रूप देखने को मिले। ब्रज से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने गायन और नृत्य के साथ समां बांधा वहीं शेखावाटी के फतेहपुर की गो वत्स फाग मंडली के कलाकारों ने चंग के साथ धमाल मचाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी कलाकारों के बीच जाकर फाल्गुन के गीतों में साथ निभाया।
इस दौरान बच्चे, वृद्ध, महिला एवं जवान सभी में मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने को लेकर अलग ही उत्साह नजर आया। किसी ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाने के साथ साफा और दुपट्टा पहनाया तो किसी ने अपने हाथों से बनाई पिचकारी एवं गुलाल गोटा भेंट किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों के इस त्योहार पर सभी को कटुता भुलाकर खुशियों के साथ जीवन बिताने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कुलदीप धनखड़, गोपाल शर्मा तथा अन्य सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जैसलमेर से धौलपुर और हनुमानगढ़ से बांसवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए लोग मौजूद थे।
भाजपा नेताओं और कार्यकताओं ने मनायी धूमधाम से होली
जयपुर में भारतीय जनता पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताों ने बुधवार को हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विधायकों ने जमकर रंगों का पर्व होली खेली। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए रंग गुलाल लगाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ रंगों का त्योहार मनाने के लिए सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुन्द आचार्य, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान शर्मा ने कहा कि होली रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है, जिसे पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। मन के सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि होली के बाद किसानों की फसल कटाई का समय भी शुरू हो जाता है। ऐसे में ईश्वर से प्रार्थना हैं कि प्रदेश के किसानों की फसल अच्छी हो और उन्हें उनकी मेहनत का पूरा फल मिले।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशवासियों को संदेश दिया कि होली का त्योहार प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ मनाएं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें। इस दौरान कार्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते दिखे।



