जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को अनूठी पहल करते हुए अपने नियमित काफिले के वाहन को छोड़कर शहर में इलेक्ट्रिक वाहन से सफर किया।
शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के अनुरूप सादगी और किफायत सुनिश्चित करने की शुरूआत व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के साथ की और इसके तहत मुख्यमंत्री कार्यालय से मेरियट होटल तक का सफर इलेक्ट्रिक वाहन से तय किया।
इससे पहले वह अपने काफिले में वाहनों की संख्या में कमी कर चुके हैं। अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों से भी काफिले में गाड़ियों की संख्या घटाने, वाहन उपयोग में मितव्ययिता बरतने और पेट्रोल-डीजल की खपत को देखते हुए शासकीय कार्यक्रमों की संख्या में कटौती करने का आह्वान किया गया है।
न्यायमूर्ति जैन साइकल से पहुंचे हाईकोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश समीर जैन ने शुक्रवार को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए लग्जरी कार छोड़ साइकिल से न्यायालय पहुंचकर नयी पहल की।
न्यायमूर्ति जैन ने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करना न केवल स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, बल्कि पैट्रोल-डीजल की बचत में भी मदद करता है। उनकी इस पहल की लोगों ने सराहना की और इसे आम जनता के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। हाल के दिनों में देशभर में कई न्यायाधीश और नेता, अधिकारी ईंधन बचत एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए साइकिल का इस्तेमाल कर रहे हैं।



