सीकर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को सीकर जिले के खाटूश्यामजी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए चल रही परियोजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के साथ पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को लेकर समझौता हुआ है और इस पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र के लिए हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता किया गया है।
मुख्यमंत्री ने हंसियावास में करीब 800 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे कृत्रिम जलाशय का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे बाबा श्याम की कृपा से क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। यमुना जल परियोजना को शेखावाटी क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता बेहतर बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
खाटूश्यामजी के विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने खाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों महत्वपूर्ण हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ स्थानीय जरूरतों पर भी जोर
भजनलाल शर्मा ने कहा कि खाटूश्यामजी देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मंदिर क्षेत्र की भव्यता को निखारने पर भी सरकार का ध्यान है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, क्षेत्र के विकास में स्थानीय निवासियों की जरूरतों और सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विकास कार्य ऐसे होने चाहिए, जिनसे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और क्षेत्र की धार्मिक पहचान और अधिक समृद्ध हो।
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
खाटूश्यामजी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती और श्रीश्याम मंदिर कमेटी के प्रताप सिंह चौहान सहित अन्य नेता शामिल रहे।मुख्यमंत्री के दौरे में धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रम के साथ क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद भी शामिल रहा।



