जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ देखी। फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के अवसर पर फिल्म की अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, राज्य की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा एवं फिल्म के निर्देशक एवं निर्माता सहित नर्स प्रोफेशनल्स एवं छात्राएं मौजूद थी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता ही नागरिक की सबसे बड़ी पहचान होती है। राष्ट्र को सर्वाेपरि मानकर अपना सर्वस्व समाज और देश के लिए समर्पित करने वाले गुमनाम नायकों की प्रेरक गाथा को फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया है।
शर्मा ने कहा कि देश ने 26/11 जैसे आतंकवादी हमलों से लेकर कोविड महामारी जैसे कठिन दौर में भी अनगिनत कर्मयोगियों की सेवा भावना को देखा है। चिकित्सकों, नर्सों, सुरक्षाकर्मियों तथा अन्य सेवा प्रदाताओं ने ऐसे समय में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मानवता और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यह फिल्म उन असंख्य लोगों के त्याग, साहस और समर्पण को रेखांकित करती है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते हैं।
उन्होंने फिल्म के निर्माता एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रेरणादायी फिल्में युवाओं को कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सभी समाज में सेवा एवं सहयोग के लिए आगे बढ़े। इस मौके सांसद रनौत ने कहा कि वह अपनी टीम के साथ देश भर का दौरा कर रही है और उन असली हीरोज को सम्मान देने के लिए जो मुश्किल वक्त में चुपचाप भारत को संभालकर रखते है।
भुवनेश्वर, रायपुर, दिल्ली और जोधपुर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद रनौत और निर्माता डॉ जयंतीलाल गड़ा जयपुर पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के साथ फिल्म की खास स्क्रीनिंग रखी गई। इस अवसर पर राज्य के कुछ लोगों को उनके देश और समाज के प्रति समर्पण के लिए ‘बैज ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया गया।



