योगी आदित्यनाथ ने आगरा में आरएसएस की बैठक में लिया हिस्सा

0

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आगरा पहुंचे और उन्होंने संघ की एक बैठक में हिस्सा लेने के बाद एक अस्पताल का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री सुबह करीब साढ़े दस बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वह शहर के एक होटल में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में शामिल हुए। लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री मौजूद रहे। बैठक में बाहरी लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं थी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने यथार्थ हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की स्थिति थी, जबकि अब वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान में प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। निजी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोलने वालों को प्रदेश सरकार सहायता प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार ने भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पहले देश में केवल एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान था। अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में छह एम्स स्थापित हुए और अब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 23 एम्स संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में रायबरेली और गोरखपुर में एम्स संचालित हैं। डबल इंजन की सरकार ने प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य बीमा का कवर देने का काम किया है। लगभग 5.60 करोड़ गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और यह संख्या जल्द ही 10 करोड़ तक पहुंचने वाली है। योगी ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए करीब 1300 करोड़ रुपए भी दिए जा चुके हैं और प्रदेश सरकार हर व्यक्ति को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।