लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 1,594 नवचयनित युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल उठाते हुए पिछली सपा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों का हिसाब मांगा। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव पहले यह बताएं कि उनकी चार बार की सरकार में कितने युवाओं को रोजगार दिया गया था।
गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इन सभी की नियुक्ति वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में की जाएगी।
सपा के रोजगार वादे पर साधा निशाना
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव 30 लाख नौकरियां देने की बात कर रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि इतनी नौकरियां कहां से और किस तरह देंगे। उन्होंने कहा कि सपा को अपने शासनकाल में युवाओं को दी गई नौकरियों का भी हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जिनका अतीत अच्छा नहीं रहा, उनका भविष्य भी अच्छा होने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी भर्तियों के दौरान भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। विज्ञापन किसी पद का निकलता था और नियुक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी।
अब तक 9.70 लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि प्रदेश में अब तक करीब 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह संख्या पिछली सपा और बसपा सरकारों के कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से भी अधिक है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें लगभग 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के माध्यम से चयनित 2 हजार अभ्यर्थी शामिल हैं।
युवाओं से ईमानदारी के साथ काम करने का आह्वान
नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान है। सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित शासन और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।



