नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में मंगलवार को सीएनजी दो रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हो गई।
दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली सिटी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अनुसार, दिल्ली में अब एक किलोग्राम सीएनजी की कीमत 83.09 रुपए हो गई है। पहले इसकी कीमत 81.09 रुपए प्रति किलोग्राम थी। दूसरे शहरों में भी सीएनजी के दाम में दो रुपए प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है।
सीएनजी की कीमतों में इस महीने यह चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को इसके दाम दो रुपए और 17 मई तथा 23 मई को एक-एक रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए थे। इस प्रकार चार बार में इसके दाम छह रुपए बढ़ गए हैं।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 91.70 रुपए का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 88.12 रुपए हो गई है।
अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 91.58 रुपए प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 87.70 रुपए, करनाल में 87.43, कैथल में 88.43 रुपए तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 94.42 रुपए प्रति किग्रा के भाव मिलेगी।
अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 92.44 रुपए, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 89.42 रुपए, हापुड़ में 92.70 रुपए तथा गौतमबुद्ध नगर में 91.70 रुपए और ग्रेटर नोएडा में 91.70 रुपए प्रति किलोग्राम होगी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की खुदरा कीमतों में लगातार वृद्धि की जा रही है। गत 15 मई से अब तक पेट्रोल की कीमत 7.35 रुपए और डीजल की 7.53 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई गई है।



