जंतर-मंतर से हटाए गए कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शनकारी

0

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ निकली संसद चलो मार्च के बीच सुरक्षा बलों ने सोमवार को जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों को हटाकर प्रदर्शन स्थल खाली करवा दिया।

दिल्ली पुलिस और त्वरित कार्रवाई बल ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाया। सीजेपी के संस्थापक-अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मी की वजह से 20 से ज्यादा नीट अभ्यर्थी आत्महत्या कर चुके हैं लेकिन सरकार पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद सीजेपी के प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर मार्ग पर मौजूद केरल हाउस के समीप एकत्र हो गए और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि सीजेपी के आह्वान पर सोमवार को हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने एकत्र होकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा और संसद की ओर मार्च किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज एवं आंसू गैस का प्रयोग किया।