हिंदू देवी-देवताओं पर कथित टिप्पणियों को लेकर प्रकाश राज के खिलाफ शिकायत दर्ज

0

तिरुपति। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता एवं तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड के सदस्य भानु प्रकाश रेड्डी ने सोमवार को कहा कि अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर तिरुपति की एक अदालत में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

रेड्डी ने यहां अदालत परिसर में मीडिया से कहा कि अधिवक्ता अजय कुमार के माध्यम से यह शिकायत दायर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रकाश राज की टिप्पणियों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अभिनेता को पहले भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

रेड्डी ने प्रकाश राज से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि मामले में कानूनी प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक अदालत कोई फैसला नहीं सुना देती। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के बारे में अभिनेता की टिप्पणियों से हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा नेता ने दावा किया कि कई हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं ने भी इन टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है और कानूनी कार्रवाई की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने लोगों से सभी धर्मों का सम्मान करने और ऐसी टिप्पणियों से बचने की अपील की, जिनसे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।

प्रकाश राज की फिल्मों के बहिष्कार की संभावना पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में रेड्डी ने कहा कि उनका व्यक्तिगत मत है कि हिंदुओं को उन लोगों का समर्थन करने पर पुनर्विचार करना चाहिए जो हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने दोहराया कि शिकायत पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत दर्ज कराई गई है और उन्हें विश्वास है कि मामले की सुनवाई कानून के अनुसार आगे बढ़ेगी।