सबगुरु न्यूज-सिरोही। भजनलाल सरकार के पंचायत राज, आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल समेत अन्य अनुषांगिक संगठनों ने ओटाराम देवासी पर ये निशाना उनकी विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा मनाए जा रहे जन्मदिन के जश्न को लेकर साधा जा रहा है।
कांग्रेस के आईटी सेल जिलाध्यक्ष रविन्द्र रावल, सेवादल जिलाध्यक्ष कुशलसिंह समेत अन्य अनुषांगिक संगठनों ने एक्स, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर उन पर निशाना साधा। कांग्रेस का कहना है कि हाल ही में जैसलमेर में एक बस दुर्घटना में बीस लोग जिंदा जल गए। कई लोग झुलस गए। इन लोगों की चिता की अग्नि ठंडी हुई न ही घायल अपने जख्म से उबरे हैं इस पर राज्य के आपदा राहत राज्यमंत्री होने के नाते ओटाराम देवासी हादसे के तीसरे दिन ही जश्न में डूब गए।
कांग्रेस ने लिखा कि इनके साथ इस जन्मदिन के जश्न में शामिल होेने के लिए भजनलाल सरकार के कई मंत्री भी आने वाले हैं, जो इनकी संवेदनहीनता दिखाती है। उल्लेखनीय है कि 15 अक्टूबर को राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक बस हादसे में बीस लोग जिंदा जल गए थे और एक दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए थे।
– धनतेरस को है देवासी का जन्मदिन
ओटाराम देवासी को जन्मदिन तिथि के अनुसार धनतेरस को आता है। इससे पहले भी ओटाराम देवासी दस साल लगातार विधायक रहे और मंत्री भी रहे लेकिन, ये पहली बार है कि वो इन भव्यता से अपना जन्मदिन मना रहे हैं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री के द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार देवासी अपने जन्मदिन पर 18 अक्टूबर को सिरोही के सारणेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। उसके बाद भाजपा संगठन के मोर्चो के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा गोयली चैराहे से स्वागत करते हुए पणिहारी गार्डन जाए। भजन सम्राट छोटूसिंह रावण राज्यमंत्री देवासी के जन्मदिन के अवसर पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इनके जन्मदिन पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, मुख्य सचेतक योगेश्वर गर्ग, सांसद लुम्बाराम चैधरी, पूर्व सांसद पुष्प जैन पटेल सहित विधायकगण, प्रदेशभर से गणमान्य लोग, प्रदेश पदाधिकारी, वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधी, भाजपा जिले, मंडल व मोर्चे के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी व भाजपा के समस्त कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
– दस अक्टूबर को भी ली थी बधाईयां
सोशल मीडिया पर 10 अक्टूबर को भी ओटाराम देवासी के जन्मदिन के संदेश प्रसारित हो रहे थे। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, राजस्थान के पूर्व मंत्री पुष्पेन्द्रसिंह, सिरोही की भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी समेत कई भाजपा नेताओं के द्वारा ओटाराम देवासी को 10 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया वाल पर शुभकामना संदेश दिया था।
लेकिन, ओटाराम देवासी का मानना है कि वो अपना जन्मदिन ग्रेगेरियन केलेंडर की बजाय विक्रम संवत से मनाते हैं। विक्रम संवत के अनुसार उनका जन्म धनतेरस को हुआ था इसलिए उनके जन्मदिन का जश्न जिला मुख्यालय पर शनिवार को धनतेरस को मनाया जा रहा है।