सत्ता प्राप्त करने के लिए देश का विभाजन किया : सीपी जोशी

चित्तौड़गढ़। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने देश विभाजन को भयंकर त्रासदी बताते हुए कहा कि कुछ लोगों ने सत्ता के लिए देश का विभाजन किया और खून की होली खेल सत्ता प्राप्त की।

जोशी ने आज यहां आयोजित तिरंगा यात्रा से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तिरंगा देश के लिए गौरव का विषय है और प्रत्येक भारतीय में देशभक्ति का जजबा उत्पन्न कर रही है तिरंगा यात्रा। उन्होंने पिचहत्तर वर्ष पूर्व देश विभाजन और उसके बाद पाकिस्तान से लाशों से भरी ट्रेने आने को अब तक की भयंकर त्रासदी बताया और नाम लिये बिना कहा कि कुछ लोगों ने देश का विभाजन कर नाकरिकों के खून से होली खेल सत्ता प्राप्त की थी।

उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे विधानसभा चुनावों में अपनी करारी हार से घबराये हुए हैं और इसी डर के कारण उन्होंने छात्रसंघ चुनावों को टाल दिया जिससे युवाओं में आक्रोश है और विधानसभा चुनावों में इन्हें जीरो पर पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है जो इस सरकार की विदाई करेगी।