राजयोग, ध्यान से बढ़ती है दिल और दिमाग की ऊर्जा : प्रेम सिंह तमांग

माउंट आबू। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा है कि मानसिक धरातल पर अच्छे विचारों का संग्रह करने के साथ राजयोग एवं ध्यान करने से दिल और दिमाग की ऊर्जा बढ़ती है, जिससे कई प्रकार की समस्याओं का समाधान हो जाता है।

तमांग ने यह बात शनिवार को यहां प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय पाण्डव भवन में संस्थान के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा के समाधि स्थल शांति स्तंभ पर पुष्प अर्पित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि देश के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि जीवन में आंतरिक सच्चाई के साथ किया गया कार्य कभी निष्फल नहीं जाता है। दृढ़तापूर्वक सत्य के पथ पर चलने से ही परिवार, समाज और देश हित की भावनाओं का उद्गम होता है।

उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संगठन की ओर से विश्व स्तर पर चरित्र निर्माण का जो भगीरथ कार्य किया जा रहा है, वह निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होकर समाज को नई दिशा देने में सार्थक सिद्ध हो रहा है। वर्तमान परिवेश में मनुष्य को स्वयं की खोज के लिए भी थोड़ा सा समय देना चाहिए। आत्मिक शक्तियों के क्षीण होने से ही अनेक प्रकार की समस्याएं आती हैं।

संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके शशि बहन ने कहा कि भौतिकता के साथ आध्यात्मिक तालमेल होने से किसी भी परिस्थिति को सहजतापूर्वक पार किया जा सकताहै। ऊंची मंजिल प्राप्त करने को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षिका बीके शीलू बहन ने कहा कि ध्यान योग के जरिये मन में छिपे शांति एवं सदभावना के बीजों के अंकुरित होने से ही नकारात्मक विकृतियों को समाप्त किया जा सकता है।