राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने किसानों के साथ किया छल : जेपी नड्डा

हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि देश के किसानों के साथ लंबे समय से छल होता रहा लेकिन केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी समस्याओं को समझकर उनके हित में योजनाओं को धरातल पर लाने का काम किया जबकि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने वादाखिलाफी कर किसानों के साथ छल किया है।

नड्डा आज यहां सिख समाज द्वारा आयोजित ‘किसान संगत अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज किसान संगत है। किसान देश के अन्नदाता हैं। देश के किसानों के साथ लंबे समय तक छल हुआ। कई राजनीतिक लोग स्वयंभू किसान नेता बन गए। किसानों के लिए बड़े-बड़े नारे भी दिए, बातें की गई लेकिन किसानों की समस्या समझ कर उनके हित में योजनाओं को धरातल में लाने का कार्य केवल और केवल मोदी ने किया। फसल बीमा तो पहले भी थी लेकिन बीमा कंपनियों से किसानों को केवल और केवल धोखा ही मिलता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की समस्या को समझा। फसल क्षतिपूर्ति को लेकर किसानों के लगभग 1.20 करोड़ मामले थे। मोदी सरकार ने उन सभी मामलों का सेटलमेंट कराया। प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि के तहत हर साल देश के लगभग 11 करोड़ किसानों को छह-छह हजार रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में जाती है। राजस्थान के भी लगभग 77 लाख किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। अब तक 12 किस्तों में लगभग सवा दो लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों को मासिक पेंशन देने की व्यवस्था मोदी सरकार ने की है। इस योजना से देश के लगभग 20 लाख किसान जुड़ चुके हैं। राजस्थान में लगभग 38 हजार किसान इस योजना से जुड़े हैं। हालांकि ये संख्या कम है। मैं तो चाहूंगा कि यहां से लाखों किसान इस योजना से जुड़ें और इसका लाभ उठाएं।

नड्डा ने कहा कि देश में कृषि क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया। यहाँ के किसानों को भी इससे फायदा उठाना चाहिए। वर्ष 2014 में कृषि का आम बजट महज 25 हजार करोड़ रुपए के आसपास था लेकिन आज मोदी सरकार में कृषि बजट लगभग पांच गुना बढ़ कर 1.25 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के लिए लगभग 93 हजार करोड़ रुपए आवंटित किये गए हैं ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके। इसी तरह उन्होंने केन्द्र सरकार की अन्य उपलब्धियां गिनाई।

उन्होंने कहा कि हमारे सिख भाइयों ने देश की रक्षा के लिए जितना बलिदान दिया है, उसे देश कभी भी भूल नहीं सकता है। सिख गुरुओं ने हमें देश की रक्षा के लिए शिक्षा दी। दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह सिंह जी ने देश के लिए शहादत दी। उनके वीर साहबजादों ने देश के लिए शहादत दी। अन्य सभी गुरुओं ने भी अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश को एक रखने का काम किया है और समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। देश के विकास में महान सिख गुरुओं के
योगदान को हम कभी भूल नहीं सकते।