मोदी की नीति गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली : प्रियंका वाड्रा

दौसा। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता की उम्मीदों को तोडने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीत‍ि गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली है।

प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को दौसा जिले के कांदोली में जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रोजगार देने वाली सरकारी सपत्तियां अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले कर दी गई। मनरेगा को खत्म कर दिया गया। भाजपा नेता अपने और अपने उद्योगपति म‍ित्रों के ल‍िए काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी के मित्र इंडोनेशिया से कोयला खरीदते हैं और देश में आते-आते इसके दाम दोगुने कर देते हैं। सरकार अपने उद्योगपति मित्रों को मजबूत करने का काम कर रही है। भाजपा ने जनता की उम्मीदों को तोडा है और पीएम मोदी की नीत‍ि गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के आज जो नेता है वो सबसे पहले अपने अहंकार एवं मान सम्मान को बढाने के लिए अपने लिए काम कर रहे है और अपने उद्योगपति मित्रो के लए काम कर रहे है जब देश के प्रधानमंत्री आठ-आठ हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे हैं और वही प्रधानमंत्री कहते है कि किसानों का कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं है। सताईस हजार करोड़ की इमारते बनाई जा रही है और कहते है कि ओपीएस के लिए पैसे नहीं है।

प्रियंका गांधी ने भाजपा के नजरिये को समझने की जरुरत बताते हुए कहा कि जब जब चुनाव आता है तो धर्म और जाति की बात करते है धर्म और जाति की ऐसी बात होती है जो आपके दिल से आपके जज्बातों से जुड़ी होती है, धर्म की सुरक्षा धर्म को आगे बढ़ाने की बात इसे कोई हिन्दुस्तानी नहीं नकार सकता। लेकिन ये बातें चुनाव के समय ही क्यों उठती हैं इसे समझना होगा।

उन्होंने कहा कि पैतालीस साल में अभी सबसे अधिक बेरोजगारी है। युवा सेना में भर्ती होने के लिए मेहनत करते हैं। मगर मोदी सरकार अग्निवीर योजना ले आई। अग्निवीर योजना लाकर युवाओं के भविष्य को खत्म कर दिया गया। प्रियंका वाड्रा ने कहा कि वह जहां जहां जाती है और उन्हें नौजवान मिलते हैं वे कहते हैं हमे अब हमें सेना में जाना ही नहीं है, अब हम तो इसके लिए कोशिश भी नहीं करेंगे। इस बार इस साल शायद सबसे कम आवेदन गए होंगे। क्योंकि कोई मेहनत नहीं करना चाहता इतना कि चार सालों में आपको सेना में जाकर वापस गांव आना पड़ेगा।

राजस्थान में इस बार बदलना है रिवाज

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं उनकी सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए राजस्थान की जनता का आह्वान किया है कि इस बार उन्हें प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनाकर एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की सरकार के रिवाज को बदलना हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में स्वार्थ हावी है और वह जनता के बारे में नहीं सोच रही है। भाजपा में सभी नेता खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर रहे हैं और राजस्थान में पूरी भाजपा बिखरी हुई है। एकजुट होने का नामो निशान नहीं है। कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, पीएम मोदी के अहंकार ने कुनबा तोड़ा। वहीं कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर मंच पर बैठी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में जनता के जीवन को मजबूत करने का काम क‍िया है। देश की जनता भाजपा की कुनीतियों का खामियाजा महंगाई और बेरोजगारी के रूप में भुगत रही है। ऐसे में राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने महंगाई राहत शिविर लगाए। पुरानी पेंशन योजना को लागू किया है। स्वास्थ्य का अधिकार लागू किया। 500 रुपए में गैस सिलेंडर, शहरी रोजगार गारंटी, इंदिरा रसाई समेत स्वास्थ्य,​ शिक्षा, भोजन और रोजगार पर बेहतरीन काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इस कारण राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

प्रियंका वाड्रा ने मोदी सरकार पर महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पाने का आरोप लगाते हुए कह कि इसने इतनी महंगाई बढ़ा दी है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार को महंगाई राहत शिविर लगाने पड़ रहे हैं। मगर ये सारे काम भाजपा को पच नहीं रहे। उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान में भाजपा की सरकार आई तो जनता को मिलने वाली राहतें बंद कर दी जाएंगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जनसभा के बाद प्रियंका वाड्रा ने मेहंदीपुर बालाजी महाराज के मंदिर में दर्शन और पूजा कर जनता की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।